होली से पहले सिहावल में वेतन विस्फोट: 6 माह से भुगतान लंबित, आशा कार्यकर्ताओं का स्वास्थ्य केंद्र घेराव

बीएमओ विहीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उठे सवाल, जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी | सिहावल | रिपोर्ट: शाहिद खान
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल में वेतन भुगतान को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। छह माह से पारिश्रमिक न मिलने से नाराज आशा और उषा कार्यकर्ताओं ने 2 मार्च 2026 को केंद्र का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। होली से ठीक पहले आर्थिक तंगी झेल रहीं कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार सेवाएं देने के बावजूद भुगतान न होना उनके साथ अन्याय है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लंबित वेतन तत्काल जारी करने, नियमित वेतन-भत्तों की स्पष्ट व्यवस्था और भविष्य में समयबद्ध भुगतान की गारंटी की मांग रखी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला मानी जाती हैं, ऐसे में उनके विरोध से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
उधर, 7 फरवरी 2026 को बीएमओ डॉ. स्वतंत्र पटेल के विरुद्ध लोकायुक्त कार्रवाई के बाद से केंद्र बीएमओ विहीन संचालित हो रहा है। नए बीएमओ की नियुक्ति में देरी से प्रशासनिक कार्य प्रभावित बताए जा रहे हैं। कुछ कार्यकर्ताओं का दावा है कि पूर्व कार्यकाल में व्यवस्थाएं बेहतर थीं और मौजूदा अव्यवस्था ने हालात बिगाड़े हैं।
अब सवाल यह है कि होली से पहले प्रशासन कार्यकर्ताओं की मांगों पर कितना त्वरित निर्णय लेता है और स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।