भारतीय जनता पार्टी का प्रशिक्षण महा अभियान संपन्न

संगठन, विचारधारा और कार्यपद्धति दुनिया में सर्वोत्तम – विजय दुबे
भारत को विश्वगुरु बनाने में प्रशिक्षण होगा सहयोगी – देव कुमार सिंह चौहान
सीधी। भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास तथा पार्टी की विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण महा अभियान के प्रदेश प्रभारी एवं रीवा संभाग के संगठन प्रभारी विजय दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उसका संगठन, कार्यकर्ता, विचारधारा और कार्यपद्धति उसे अन्य राजनीतिक दलों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवाद की संकल्पना पर कार्य करती है तथा आने वाले समय में विश्व नेतृत्व करते हुए मानव जीवन की श्रेष्ठ संकल्पना को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने प्रशिक्षण को कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और कौशल निखारने का सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि हम सभी जिम्मेदार कार्यकर्ता हैं। व्यक्तिगत हितों का त्याग कर राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi के विजन 2047 के तहत भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही सच्ची कार्यकर्ता भावना है।
जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कठोर अनुशासनयुक्त प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व में निखार आएगा तथा पार्टी की कार्यपद्धति, कार्यक्रमों और योजनाओं की गहन जानकारी प्राप्त होगी, जो भविष्य में मार्गदर्शक सिद्ध होगी। रीवा संभाग के सह प्रशिक्षण प्रभारी के.के. तिवारी ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे ने पीपीटी के माध्यम से संघ की पंचनिष्ठाएं और नवाचार विषय पर विस्तार से प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री लोरिक प्रसाद यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष डॉ. मनीला सिंह चौहान ने किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगीत से हुई तथा प्रशिक्षण से संबंधित प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।