महोबा में भीषण अग्निकांड: 7 गुमटियां जलकर खाक, लाखों का नुकसान, दमकल की देरी पर भड़के दुकानदार

महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला पंचायत के डाक बंगला मैदान के पास बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे रखी करीब 7 गुमटियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलने के बावजूद करीब 45 मिनट तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं, जिससे सभी दुकानें पूरी तरह जल गईं। दमकल विभाग की देरी को लेकर दुकानदारों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर हटाया। बाद में पहुंची दमकल टीम आग पर काबू पाने में जुटी रही।
वीओ-1 (पीड़ित का बयान):
स्थानीय निवासी विनीता, जो अपने पति के साथ गुमटी में फास्ट फूड की दुकान चलाती हैं, ने बताया कि इसी दुकान से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। बुधवार दोपहर जब वह घर से सामान लेकर दुकान पहुंचीं, तो सामने आग का तांडव देखकर स्तब्ध रह गईं।
विनीता ने बताया कि उनकी दुकान के पास एक ढाबा और प्राइवेट बस बुकिंग की दुकान समेत 5 से 7 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। पड़ोस के दुकानदार ने आग लगने की सूचना करीब 45 मिनट पहले फायर स्टेशन और डायल 112 को दी थी। डायल 112 की गाड़ी तो मौके पर पहुंच गई, लेकिन दमकल विभाग लगभग एक घंटे बाद पहुंचा।
आग के दौरान एक दुकान में विस्फोट होने से अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई। पीड़ित दुकानदारों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।