कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्वामित्व योजना शिविरों का किया औचक निरीक्षण

0 2,064

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

ग्रामीणों से किया संवाद, हितग्राहियों को वितरित किए रजिस्ट्री पत्र

 

ग्राम पटपरा में पटवारी के कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराजगी, एसडीएम शहपुरा को कार्यवाही के निर्देश

 

 

 

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मेहंदवानी विकासखंड के ग्राम जरगुड़ा एवं राघोपुर रैयत में आयोजित स्वामित्व योजना शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर स्वामित्व योजना सहित विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को रजिस्ट्री पत्र भी वितरित किए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।

पटवारी के कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराजगी

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने शहपुरा विकासखंड के ग्राम पटपरा में आयोजित स्वामित्व योजना शिविर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पटवारी द्वारा कार्यों का संतोषजनक निष्पादन नहीं किए जाने एवं प्रगति रिपोर्ट में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने एसडीएम शहपुरा श्री फरहान इरफान जामदार को संबंधित पटवारी के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं योजनाओं से संबंधित कार्यों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्राथमिक पाठशाला पटपरा रैयत का भी किया निरीक्षण

कलेक्टर ने ग्राम पटपरा रैयत स्थित प्राथमिक पाठशाला का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे तथा उनके शैक्षणिक स्तर, समझ एवं सीखने की क्षमता का आकलन किया। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित रूप से अध्ययन करने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रत्येक बच्चे के सीखने के स्तर में सुधार लाने तथा उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा श्री फरहान इरफान जामदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वामित्व योजना के तहत जिले में 20,917 रजिस्ट्रियां पूर्ण, लक्ष्य का 53.2 प्रतिशत हासिल

स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले में कुल 39,317 रजिस्ट्रियां संपादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 5 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 20,917 रजिस्ट्रियां संपादित की जा चुकी हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 53.2 प्रतिशत है। इसमें तहसील डिण्डौरी में 8,995, शहपुरा में 7,764 तथा बजाग में 4,158 रजिस्ट्रियां पूर्ण की गई हैं। शेष रजिस्ट्रियों को पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्यवाही की जा रही है।

स्वामित्व योजना में 200 से अधिक रजिस्ट्रियां करने वाले चार पटवारी

स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिले में 200 से अधिक रजिस्ट्रियां संपादित करने वाले चार पटवारियों में श्री सुनील कुमार साहू, श्री जितेन्द्र कुमार रजक, श्री सतेंद्र कुमार तिवारी एवं श्री चंदन सिंह धुमकेती शामिल हैं। वहीं, सबसे कम रजिस्ट्रियां संपादित करने वाले पटवारियों में सर्किल अमेरा के पटवारी श्री आशुतोष इक्का का नाम सामने आया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment