सीधी कुसमी कांड: हत्या प्रकरण में गिरफ्तारी के बाद स्थायीकर्मी सेवा से बाहर, प्रशासन का सख्त संदेश,

सीधी जिला के कुसमी थाना क्षेत्र से जुड़े आपराधिक प्रकरण में प्रशासन ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के स्थायीकर्मी कामता प्रसाद केवट को विभाग ने तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया है।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब ब्राह्मण समाज का एक पुजारी इंद्रभान द्विवेदी तहसील कार्यालय पर पूजा पाठ करने के बाद अपने मोपेड स्कूटर से घर लौटते वक्त रास्ते में गड़ासे से हत्या कर दी गई है हत्या से जुड़े प्रकरण में गिरफ्तारी की पुष्टि होने के बाद विभाग ने नियमों के तहत सीधे कई तरह से कठोर कदम उठा दिए।
आदेश जारी, एसडीएम मोहर के बाद हुआ प्रभावी
कार्यालय कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीधी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कामता प्रसाद केवट, जो उपसंभाग मंझौली में पदस्थ थे, को तत्काल प्रभाव से सेवा से अलग कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि आदेश बीती रात जारी हुआ और आज एसडीएम की औपचारिक मोहर लगने के बाद यह निर्णय प्रभावशील हो गया।
गिरफ्तारी की सूचना के बाद विभाग हरकत में
जारी आदेश में उल्लेख है कि थाना प्रभारी कुसमी के पत्र क्रमांक 223/2026 (दिनांक 19 फरवरी 2026) के माध्यम से अपराध क्रमांक 29/2026 में धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना विभाग को प्राप्त हुई थी।
अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग मंझौली ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की। प्रतिवेदन के अनुसार आरोपी को 16 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया।
आचरण नियमों के उल्लंघन पर सीधी कार्रवाई
प्रशासनिक आदेश में साफ कहा गया कि संबंधित कर्मचारी का कृत्य म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के तहत कदाचार की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर म.प्र. सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के प्रावधानों के तहत सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की गई।
कार्यपालन यंत्री सी.एल. साकेत के हस्ताक्षर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया कि निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
प्रशासन का संदेश: अपराध और नौकरी साथ नहीं
इस कार्रवाई के बाद विभागीय और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि शासन की सेवा शर्तों और आचरण नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब सीधे और कठोर फैसले लिए जाएंगे।
यह कदम प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कुसमी थाना में अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत दर्ज हत्या प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत पुलिस ने कामता प्रसाद केवट को गिरफ्तार किया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद आरोपी वर्तमान में जिला जेल सीधी में निरुद्ध है और मामले की विवेचना जारी है।
साफ है — गिरफ्तारी के बाद विभाग ने बिना देरी कार्रवाई कर यह संदेश दे दिया है कि आपराधिक आरोपों में घिरे कर्मचारियों पर अब सीधी और सख्त कार्रवाई होगी।