Breaking News

सीधी जिले में दो हाथियों की एंट्री से सतर्क प्रशासन, अफवाहों पर कार्रवाई की मांग

0 679

 मध्यप्रदेश के सीधी जिला में पिछले कुछ दिनों से दो जंगली हाथियों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार ये दोनों हाथी संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र से राह भटककर आबादी वाले इलाकों की ओर पहुंच गए हैं।

हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक हाथियों द्वारा किसी प्रकार की जनहानि या बड़े उत्पात की खबर सामने नहीं आई है। वन विभाग और प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर हाथियों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

 

प्रशासन अलर्ट मोड पर,

हाथियों की एंट्री के बाद से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। वन विभाग की टीमें हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रही हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। संवेदनशील गांवों में मुनादी कर लोगों से हाथियों के नजदीक न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से बढ़ा भ्रम,

हाथियों के जिले में प्रवेश के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें से कई वीडियो अन्य क्षेत्रों के बताए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें सीधी जिले का बताकर साझा किया जा रहा है।

 

कुछ वीडियो में हाथियों का झुंड, घरों को नुकसान और लोगों पर हमले के दृश्य दिखाए जा रहे हैं, जिससे जिले में अनावश्यक भय का माहौल बन रहा है।

 

अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग,

स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि गलत और भ्रामक वीडियो शेयर कर डर का माहौल बनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रशासन का भी कहना है कि अपुष्ट जानकारी शेयर न करें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।

 

ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील,

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के मूवमेंट की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, भीड़ न जुटाएं और वीडियो बनाने के लिए जोखिम न लें।

विशेषज्ञों के अनुसार जंगली हाथी सामान्यतः रास्ता भटकने पर शांत रहते हैं, लेकिन भीड़ या छेड़छाड़ की स्थिति में आक्रामक हो सकते हैं।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता दोनों हाथियों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल क्षेत्र में पहुंचाना और जिले में शांति व सुरक्षा बनाए रखना है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment