Breaking News

“महंगाई और बेरोज़गारी पर बजट पूरी तरह मौन, 2047 के सपनों में उलझी सरकार” — कमलेश्वर पटेल

0 437

प्राइड कदम हिंदी समाचार / प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी

रिपोर्ट : शाहिद खान

सीधी/भोपाल।

केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने बजट को आम जनता की ज़मीनी समस्याओं से कटा हुआ करार देते हुए कहा कि यह बजट राहत नहीं, बल्कि केवल प्रचार का दस्तावेज़ है।

कमलेश्वर पटेल ने कहा कि देश वर्ष 2026 में खड़ा है, लेकिन सरकार जनता की मौजूदा परेशानियों को छोड़कर 2047 के सपने दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोज़गारी और बढ़ती जीवन लागत जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बजट पूरी तरह खामोश है।

उन्होंने कहा कि किसान खाद, बिजली और खेती की बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं, लेकिन बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूती देने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। वहीं शिक्षित युवाओं में बेरोज़गारी लगातार बढ़ रही है और छोटे व्यापारी भी बजट से राहत की उम्मीद लगाए बैठे थे, जो पूरी नहीं हो सकी।

पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को 29 की 29 सीटें दीं, इसके बावजूद राज्य को बजट में कुछ भी विशेष नहीं मिला। न विंध्य क्षेत्र, न बुंदेलखंड, न महाकौशल और न ही मालवा के लिए कोई ठोस घोषणा की गई।

कमलेश्वर पटेल ने जीएसटी भुगतान में देरी और राज्यों के अधिकारों में कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केवल इंफ्रास्ट्रक्चर और मेट्रो कॉरिडोर की बातें करने से जनता का भला नहीं होगा, जब तक महंगाई पर नियंत्रण और स्थायी रोज़गार के अवसर नहीं बढ़ाए जाते।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment