7 फरवरी से शुरू गेहूं की MSP खरीदी का पंजीयन, 7 मार्च तक मौका—बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगा समर्थन मूल्य!

0 333

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी हेतु किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से

 

किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाती है। इसके लिए किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक किया जाएगा।

 

किसान एमपी किसान ऐप, ई-उपार्जन पोर्टल तथा ई-उपार्जन मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं। जिले में गेहूं उपार्जन के लिए प्रस्तावित सभी खरीदी केन्द्रों पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित खरीदी केन्द्रों में अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीयन कराएं, क्योंकि केवल पंजीकृत किसानों से ही समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाएगी।

 

पंजीयन की निःशुल्क सुविधा स्वयं के मोबाइल, कम्प्यूटर, खरीदी केन्द्रों एवं ग्राम पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्रों पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र एवं साइबर कैफे में 50 रूपये शुल्क देकर भी पंजीयन कराया जा सकता है।

 

पंजीयन के समय किसान आधार संख्या से लिंक बैंक खाता विवरण दर्ज करें, जिससे भुगतान ऑनलाइन किया जा सके। पंजीयन हेतु बोए गए खेत के खसरा नंबर की ऋण पुस्तिका, आधार से लिंक बैंक खाते की जानकारी अनिवार्य होगी।

 

बटाईदार एवं सिकमी किसानों के लिए भी ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। भूमि स्वामी किसान एवं सिकमी किसान के मध्य 2 फरवरी 2026 से पूर्व वैधानिक अनुबंध होने पर ही सिकमी किसान को समर्थन मूल्य पर पंजीयन का अवसर प्रदान किया जाएगा। केवल पंजीकृत किसानों को ही गेहूं उपार्जन का लाभ दिया जाएगा।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment