
मड़वास, पथरौला, रामपुर नैकिन व अमिलिया में जनसंवाद, बच्चों व नागरिकों को किया गया जागरूक
सीधी।मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल के निर्देशानुसार सीधी जिले में एकीकृत जागरूकता अभियान निरंतर प्रभाव से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं विधिक साक्षरता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत मड़वास में लीला इंटरनेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल में लगभग 400 छात्र-छात्राओं को गुड टच–बैड टच, साइबर अपराध से बचाव एवं यातायात नियमों की जानकारी दी गई। बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए सृजन, अभिमन्यु और सम्मान अभियानों के उद्देश्य समझाए गए।
पथरौला में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खासाडोल में बच्चों को खेल-खेल में आत्मरक्षा, गुड टच–बैड टच तथा संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस सहायता लेने के तरीके बताए गए।
रामपुर नैकिन में आयोजित आनंदम कार्यक्रम के दौरान नागरिकों व युवाओं को विधिक जानकारी दी गई तथा यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर शपथ दिलाई गई।
वहीं अमिलिया क्षेत्र में बस स्टैंड एवं बाजार में जनसंवाद कर स्कूली बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई तथा आम नागरिकों को महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सीधी पुलिस ने कहा कि जागरूकता ही अपराध रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है और ऐसे अभियानों के माध्यम से जिले में सुरक्षित व भयमुक्त वातावरण बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।