विधायक विजय चौरे की जबरदस्त हुंकार: “शराब भट्टी नहीं हटी तो बस स्टैंड पर गूंजेंगे भजन, होगा चक्काजाम”

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
सौंसर/पिपला नारायणवार। नगर के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग अब एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है। बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे ने हुंकार भरते हुए प्रशासन को सीधी चेतावनी दे डाली। चौरे ने स्पष्ट कहा कि यदि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए यह दुकान तुरंत बंद नहीं की गई, तो वे वारकरी संप्रदाय के साथ मिलकर दुकान के सामने ही दिन-रात भजन-कीर्तन करेंगे और उग्र आंदोलन छेड़ेंगे।
ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप: “5 लाख की रिश्वत का फुटेज है मेरे पास”
धरने के दौरान विधायक चौरे ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि शराब ठेकेदार ने आंदोलन दबाने के लिए उन्हें 5 लाख रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की। चौरे ने कड़क लहजे में कहा, “ठेकेदार मेरे घर पांच लाख की घूस लेकर आया था, जिसका सीसीटीवी फुटेज आज भी मेरे पास सुरक्षित है। मैं ऐसी अनैतिक ताकतों के आगे झुकने वाला नहीं हूं और विधानसभा में भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरूंगा।”
हिंदुत्व और शंकराचार्य के अपमान पर घेरी सरकार
अपने संबोधन में विधायक ने भाजपा और संघ पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हर ऊंचे पद पर हिंदू बैठा है, तो फिर “हिंदू खतरे में है” का शोर क्यों मचाया जा रहा है? उन्होंने जनता से अपील की कि वे हिंदू सम्मेलनों में जाकर आयोजकों से पूछें कि आखिर गौहत्या कब बंद होगी? चौरे ने आगे कहा, “योगी आदित्यनाथ और संघ को शंकराचार्य के अपमान पर माफी मांगनी चाहिए। जब तक मर्यादाओं का सम्मान नहीं होगा, जनता चुप नहीं बैठेगी।”
माताओं-बहनों की सुरक्षा सबसे ऊपर
नगर कांग्रेस कमेटी ने तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में भवानी माता मंदिर (मठ) होने और छात्राओं व कामकाजी महिलाओं के निरंतर आवागमन के कारण शराबियों का जमावड़ा एक बड़ी सुरक्षा चुनौती बन गया है। आए दिन होने वाली गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणियों से नगर का माहौल दूषित हो रहा है।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और भारी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।