मोड़ पर पलटा डीजल टैंकर, हादसे के बाद शुरू हुई ‘डीजल की लूट’ बाल्टी-कैन लेकर टूट पड़े लोग, चिंगारी लगती तो बन जाता अग्निकांड
बड़ा विस्फोट टलने से अमिलिया क्षेत्र ने ली राहत

सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलदहा पुल के पास शुक्रवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक डीजल से भरा टैंकर मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना में टैंकर चालक को गंभीर चोटें आईं, जबकि क्लीनर भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद डीजल बिखरा, शुरू हुई खुली लूट
टैंकर पलटते ही जहां सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, वहीं दूसरी ओर घटनास्थल पर अराजकता का नजारा देखने को मिला।
टैंकर से सड़क पर बहते डीजल को देखकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर बाल्टी, डिब्बे, केन और अन्य बर्तन लेकर मौके पर टूट पड़े। कुछ ही देर में सड़क किनारे डीजल बटोरने की होड़ मच गई।
पुलिस की देरी बनी खतरे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डायल-112 की टीम के मौके पर पहुंचने में देरी हुई, जिसका फायदा उठाकर लोग बेखौफ होकर डीजल भरते रहे।
हैरानी की बात यह रही कि पुलिस का डर भी लोगों को रोक नहीं पाया, जबकि डीजल जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ के खुले में फैलने से कभी भी चिंगारी लग सकती थी।
एक चिंगारी और बन जाता अग्निकांड
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जरा-सी भी चूक होती, तो यह पूरा इलाका आग के गोले में तब्दील हो सकता था, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।
गनीमत यह रही कि कोई स्पार्क नहीं हुआ और समय रहते बड़ा विस्फोट टल गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
बाद में पहुंची पुलिस, स्थिति हुई नियंत्रित
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। डीजल लूट को रुकवाया गया और यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की गई।
यूपी से बहरी जा रहा था टैंकर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीजल टैंकर उत्तर प्रदेश की ओर से बहरी की तरफ जा रहा था, तभी कोलदहा पुल के पास मोड़ पर यह हादसा हो गया।