पांढुरना: अवैध नामांतरण और निर्माण के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ
पांढुरना | जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज स्थानीय प्रशासन को शहर में हो रहे अवैध नामांतरण और निर्माण कार्यों के विरुद्ध एक ज्ञापन सौंपा गया। यह कार्रवाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री जतन उईके और विधायक श्री नीलेश उईके के नेतृत्व में की गई।
धोखाधड़ी और अवैध कब्जे का आरोप
मामले में आवेदक और ब्लॉक कांग्रेस कोषाध्यक्ष श्री अमरीश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि पांढुरना के खारी वार्ड स्थित नजुल प्लाट नंबर 258 पर उनके स्वामित्व की भूमि में से 700 वर्ग फीट क्षेत्र को अनावेदक प्रवीण चौहान द्वारा मिलीभगत कर अपने नाम करवा लिया गया है। आवेदक का आरोप है कि यह नामांतरण पिछले वर्षों में बिना किसी सूचना के, धोखाधड़ी और झूठे तथ्यों के आधार पर किया गया है।
अवैध निर्माण रोकने की मांग
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि टेकड़ी वार्ड स्थित खसरा नंबर 201, 261 और 262 पर आवेदक का नाम पिछले 40 वर्षों से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। इसके बावजूद, उक्त भूमि पर अनावेदक द्वारा हस्तक्षेप कर अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर महोदय से मांग की है कि इस निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
उपस्थिति:
इस अवसर पर सौसर ब्लॉक अध्यक्ष श्री राजेन्द्र यमदे, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष श्री हरनाम सिंह सेंगर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष जयंत घोड़े, जिला महामंत्री श्री प्रशांत महाले, सुनील भानगे, शाहिद सिद्दीकी, राजा कलसकर, नेहील सांबारे और डॉ. नितिन देवड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।