सीधी ब्रेकिंग: सड़क किनारे मिला नवजात शिशु का शव, इलाके में सनसनी

सीधी जिले के गांधी स्कूल के पीछे गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक नवजात शिशु का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने जैसे ही शिशु को देखा, मौके पर भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिशु परिपक्व (पूर्ण विकसित) प्रतीत हो रहा था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि जन्म के बाद उसे निर्दयता से फेंक दिया गया। करीब एक घंटे तक लोग मौके पर खड़े रहे और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिशु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह अमानवीय कृत्य किसने और किन परिस्थितियों में किया। घटना ने एक बार फिर समाज और व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।