पांढुर्णा समाचार: मानदेय भुगतान में देरी पर विभाग ने दी सफाई, सौसर में नए औषधालय हेतु भूमि आवंटित

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
पांढुरना। स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में मीडिया में चल रही उन खबरों का खंडन किया है जिनमें एनआरएचएम पोर्टल की धीमी गति के कारण वेतन रुकने का दावा किया गया था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मानदेय में देरी का असली कारण पोर्टल की खराबी नहीं, बल्कि बजट का अभाव है।
अधिकारियों के अनुसार, सपोर्ट स्टाफ, कुक और हेल्पर के भुगतान हेतु अगस्त 2025 से बजट शून्य है, जिसकी सूचना जिला मुख्यालय छिंदवाड़ा को भेजी जा चुकी है। वहीं संविदा कर्मियों का भुगतान अब नए ‘स्पर्श पोर्टल’ से होने के कारण प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बजट उपलब्ध होते ही सभी का लंबित भुगतान तुरंत कर दिया जाएगा।
इसी बीच, आयुष विभाग से एक अच्छी खबर सामने आई है। सौसर स्थित शासकीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर होम्योपैथी औषधालय के लिए राजस्व विभाग द्वारा भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जमीन का कब्जा जिला आयुष कार्यालय को सौंप दिया गया है और अब नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव भोपाल भेज दिया गया है। इस अवसर पर डॉ. प्रमिला यावतकर सहित अन्य सहयोगियों ने हर्ष व्यक्त किया।