जामसांवली मानसिक स्वास्थ्य शिविर: 84 मरीजों की हुई जांच, विशेषज्ञों ने दी सेवाएं

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
पांढुरना | कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में मंगलवार को सौंसर विकासखंड के जामसांवली में एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा संचालित केंद्र में आयोजित इस शिविर में कुल 84 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित उपचार दिया गया।
छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभाग प्रमुख डॉ. शरद मनोरे और मनोचिकित्सक डॉ. पूनम ठाकुर ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों की गहन जांच की। शिविर के दौरान जरूरतमंदों को संस्थान की ओर से नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस मौके पर संस्था के निदेशक विजय धवले और समन्वयक आशीष पाल ने परिजनों को जागरूक करते हुए बताया कि मानसिक रोग भी अन्य शारीरिक बीमारियों की तरह ही है। उन्होंने अंधविश्वास से दूर रहने और सही समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। कार्यक्रम में श्रावण हटवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।