सड़क सुरक्षा: पुलिस की पहल पर वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ
पांढुरना। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा विशेष नेत्र जांच अभियान की शुरुआत की गई है। पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई।
विशेषज्ञों ने की जांच
यातायात प्रभारी निरीक्षक आकांक्षा सहारे के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में शासकीय अस्पताल सौसर की डॉ. पूनम श्रीवास्तव ने अपनी सेवाएं दीं। अभियान के पहले दिन लगभग 30 वाहन चालकों के नेत्रों का बारीकी से परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने चालकों को बताया कि सुरक्षित वाहन चलाने के लिए स्पष्ट दृष्टि कितनी अनिवार्य है।
नियमों के प्रति किया जागरूक
जांच के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें नियमित स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई, ताकि दृष्टि दोष के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। इसका मुख्य लक्ष्य वाहन चालकों की सेहत का ध्यान रखकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।