आयुष्मान कार्ड के नाम पर फर्जी स्वास्थ्य शिविर का भंडाफोड़, दो संदिग्ध हिरासत में

0 411

शहपुरा, डिंडौरी | रिपोर्टर: मनोज कुमार यादव

डिंडौरी जिले के शहपुरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुष्मान कार्ड के नाम पर फर्जी स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आम नागरिकों को गुमराह कर स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जैसे ही इस फर्जी शिविर की सूचना प्रशासन को मिली, तत्काल कार्रवाई करते हुए सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा के निर्देश पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेते हुए उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रशासन द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है कि यह शिविर किसके द्वारा, किस अनुमति से और किस उद्देश्य से लगाया गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके माध्यम से आयुष्मान कार्ड धारकों के साथ धोखाधड़ी या अवैध वसूली तो नहीं की जा रही थी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति एवं शासन के नियमों के विरुद्ध इस प्रकार के फर्जी शिविर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है तथा जांच पूर्ण होने के बाद दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment