सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल पर 50 लाख की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, जान से मारने की देता था धमकी

0 590

सीधी।

सीधी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोबाइल पर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने एवं जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने यूट्यूब और रील्स से प्रभावित होकर फेमस होने के उद्देश्य से यह कृत्य किया था।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्री कन्हैया सिंह बघेल के नेतृत्व में की गई।

प्रकरण का विवरण

दिनांक 11 जनवरी 2026 को आवेदक राजेन्द्र बहादुर सिंह परिहार पिता राजबहोरन सिंह परिहार, निवासी पड़ैनिया, थाना कोतवाली सीधी द्वारा थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से उसके मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर ₹50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही है तथा पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

प्राथमिक जांच में व्हाट्सएप मैसेज एवं स्क्रीनशॉट का अवलोकन करने पर मामला गंभीर पाया गया, जिस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 308(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस की कार्रवाई

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। गठित टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध मोबाइल का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यूट्यूब एवं रील्स देखकर प्रभावित होकर केवल फेमस होने के उद्देश्य से यह कृत्य किया था।

आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी

सीधी पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। आवेदक एवं उसके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।

“सीधी पुलिस – अपराधियों के विरुद्ध सख्त, नागरिकों की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध।”

इनका रहा विशेष योगदान

थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्री कन्हैया सिंह बघेल,

उप निरीक्षक श्री पुष्पेन्द्र सिंह,

प्रधान आरक्षक रण बहादुर सिंह, तिलक राज सिंह सेंगर

एवं साइबर सेल सीधी से श्री प्रदीप मिश्रा का सराहनीय योगदान रहा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment