उकरहा में कृषि ऋण सहकारी समिति भवन का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

सीधी।
सीधी जिले की चुरहट विधानसभा अंतर्गत उकरहा ग्राम पंचायत परिसर में आज कृषि ऋण सहकारी समिति के नवीन भवन का उद्घाटन सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सांसद डॉ. मिश्रा ने क्षेत्रीय नागरिकों एवं किसान भाइयों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सहकारी समिति के इस नए भवन के शुभारंभ से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से किसानों को सुलभ कृषि ऋण, बीज, खाद एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और कृषि कार्य अधिक सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा।
उन्होंने कहा, “इस उपलब्धि से क्षेत्र के विकास को पंख लग चुके हैं और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से देखने को मिलेंगे।”
डॉ. मिश्रा ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर नए कदम उठा रही है। सहकारी समितियों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि किसानों को साहूकारों पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें पारदर्शी व विश्वसनीय व्यवस्था के माध्यम से लाभ मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि उकरहा की यह सहकारी समिति क्षेत्र के किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता श्री के.के. तिवारी, श्री धर्मेंद्र सिंह परिहार, श्री प्रदीप शुक्ला, श्री मोतीलाल पटेल, श्री अशोक पटेल, श्री उमाशंकर यादव, श्री रामलखन, श्रीमती सुनीता साहू, समिति अध्यक्ष श्री पारसनाथ पटेल, श्री मनोज सिंह चौहान, श्री विजय सिंह, श्री अनिल पटेल, श्री जगभान साकेत, श्रीमती श्यामवती कोल, श्रीमती निर्मला गुप्ता, श्री अविनाश त्रिपाठी, श्री सुधांशु तिवारी, श्री मूलचंद गुप्ता, श्री जितेंद्र पांडेय, श्री बृजेंद्र सिंह, श्रीकांत चतुर्वेदी, श्री बृजमोहन मिश्रा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।