स्वामी विवेकानंद जयंती पर सांदीपनि विद्यालय कुसमी में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन

0 224

स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में प्रदेशभर में मनाई गई। इस अवसर पर सीधी जिले के आदिवासी अंचल कुसमी स्थित सांदीपनि विद्यालय में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार कर युवाओं को प्रेरित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने कहा कि प्रत्येक युवा देश का भविष्य निर्माता है। स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति का परचम लहराया और वसुधैव कुटुंबकम् का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से योग को जीवन का हिस्सा बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

तहसीलदार नारायण सिंह ने युवाओं से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग एवं अध्ययन के लिए समय निकालने की अपील की तथा कहा कि शासन द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समाजसेवी अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि यदि संपूर्ण योग संभव न हो तो नियमित सूर्य नमस्कार भी पर्याप्त है।

कार्यक्रम के दौरान रेडियो के माध्यम से सामूहिक वंदे मातरम् गान हुआ तथा स्वामी विवेकानंद के रिकॉर्डेड संदेश का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, तहसीलदार नारायण सिंह, बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी, सरपंच चेतना सिंह, समाजसेवी अखंड प्रताप सिंह, प्राचार्य पी.के. पाण्डेय, प्राचार्य राजेश पाण्डेय, जन्मेजय जायसवाल, अमित श्रीवास्तव, शिक्षकगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment