रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण

0 309

सिंगरौली।,स्वामी विवेकानंद जयंती ‘युवा दिवस’ के साप्ताहिक सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, शाखा सिंगरौली के तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती संपतिया उइके, कैबिनेट मंत्री (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग), मध्यप्रदेश शासन एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री रहीं। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक डॉ. राजेंद्र मेश्राम, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, कलेक्टर सह अध्यक्ष रेडक्रॉस गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, एसडीएम सिंगरौली सुरेश कुमार जाधव, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, उपसंचालक सामाजिक न्याय अरविंद डामोर, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एस.डी. सिंह, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की प्राचार्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। स्वागत उद्बोधन में रेडक्रॉस चेयरमैन एस.डी. सिंह ने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जिले में संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की प्राचार्या ने निःस्वार्थ भाव से स्वयं रक्तदान किया एवं अपने विद्यालय के शिक्षकों तथा खेल शिक्षकों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उनके इस प्रेरणादायी कार्य की सर्वत्र सराहना की जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। इससे किसी प्रकार की हानि नहीं होती, बल्कि यह अनमोल जीवन बचाने का कार्य है। जब हम स्वयं आगे बढ़ते हैं, तभी समाज भी प्रेरित होता है।”

मानवीय सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की प्राचार्या को सिंगरौली विधायक एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष के कर-कमलों से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment