चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई, मकर संक्रांति से पहले सिंगरौली पुलिस की जनसुरक्षा को लेकर कड़ी अपील

0 262

सिंगरौली।,मकर संक्रांति एवं पतंगबाजी के मौसम को देखते हुए जिला पुलिस, सिंगरौली ने चाइनीज मांझा (नायलॉन/ग्लास कोटेड धागा) के उपयोग, बिक्री एवं भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध की सख्ती से याद दिलाई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग न करें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार चाइनीज मांझा अत्यंत खतरनाक होता है, जिसके कारण पूर्व में गले कटने, हाथ-पैर गंभीर रूप से घायल होने, मासूम बच्चों एवं पक्षियों की मृत्यु जैसी कई दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यह मांझा विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

जिले में यह भी देखने में आ रहा है कि कुछ दुकानदार अवैध रूप से चाइनीज मांझा बेच रहे हैं, जो कि कानूनन अपराध है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति चाइनीज मांझा बेचते, रखते अथवा उपयोग करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि बच्चों को केवल सूती (कॉटन) धागे से ही पतंग उड़ाने दें, छतों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा यदि कहीं भी चाइनीज मांझा बिकता दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।

पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस ने कहा कि जनसुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सुरक्षित पतंगबाजी कर पर्व को खुशियों के साथ मनाएं और किसी के जीवन को खतरे में न डालें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment