कुसमी में विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी सम्पन्न, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक और वैज्ञानिक प्रतिभा

मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार एवं राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशन में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा केंद्र सीधी के सुपरवीजन में विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी दिनांक 09 जनवरी 2026 को पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार में आयोजित हुई। आयोजन की जिम्मेदारी बीआरसीसी कुसमी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी द्वारा निभाई गई।
विज्ञान प्रदर्शनी में कुसमी विकासखंड के दूर-दराज अंचलों की माध्यमिक शालाओं में अध्ययनरत कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित तथा पर्यावरण/सामाजिक विज्ञान विषयों पर आधारित रचनात्मक और कार्यात्मक मॉडल प्रस्तुत किए। इसके साथ ही लघु नाटिका, स्थानीय एकल गीत एवं सेमिनार के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा सौर ऊर्जा, सिंचाई प्रणाली, पवन चक्की, टरबाइन, न्यूटन के नियम, कोण एवं ज्यामिति की अवधारणाएं, गणित पार्क, उत्सर्जन एवं श्वसन तंत्र, हाइड्रोलिक सिस्टम, सौर मंडल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, ज्वालामुखी विस्फोट, प्लास्टिक पुनर्चक्रण, वर्षा जल संरक्षण सहित दैनिक जीवन से जुड़ी वैज्ञानिक अवधारणाओं पर आधारित नवीन तकनीकी मॉडल प्रस्तुत किए गए। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तार्किक दृष्टिकोण को विकसित करना रहा।
प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों की उपयोगिता को विस्तार से समझाया। विकासखंड का कुल लक्ष्य 98 प्रतिभागियों का था, जिसमें शत-प्रतिशत 98 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपने कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विषयवार गठित 11 सदस्यीय निर्णायक मंडल द्वारा सभी मॉडलों का अवलोकन कर नियमानुसार उच्च गुणवत्ता के आधार पर चयन किया गया। विकासखंड स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं को जिला स्तर पर भेजा जाएगा, जहां से आगे जोन स्तर और तत्पश्चात राज्य स्तर के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनपद सदस्य श्रीमती जमुनी देवी, मकरंद सिंह सरपंच टमसार, बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी, प्राचार्य रामपाल सिंह (पीएमश्री विद्यालय टमसार), विकासखंड के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा बीआरसी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।