शासकीय महाविद्यालय मड़वास में पात्र छात्र-छात्राओं के मतदाता पंजीयन हेतु दो दिवसीय विशेष कैम्प आयोजित

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि पर पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय मड़वास में दो दिवसीय विशेष मतदाता पंजीयन कैम्प का आयोजन 09 एवं 10 जनवरी 2026 को सफलतापूर्वक किया गया।
इस विशेष कैम्प का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं का मतदाता सूची में नाम जोड़ना था। कैम्प के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मतदाता पंजीयन हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। कैम्प में लगभग 50 छात्र-छात्राओं का पंजीयन किया गया, जिससे कार्यक्रम की सफलता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी प्रो. बाबाहरीनंद साकेत, प्रभारी प्राचार्य प्रो. संजय भारती, डॉ. दीपक अग्निहोत्री, डॉ. सुरेंद्र गुप्ता, प्रो. गोपाल चौरसिया, प्रो. अजीत चौधरी, प्रो. प्रवीण कुमार, डॉ. निशा सिंह, डॉ. रामधारी जायसवाल, डॉ. ज्योति मौर्य, डॉ. राजेश पटेल एवं श्री अनिल केवट सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं महाविद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व, मताधिकार से जुड़े अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई तथा उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की भारी सहभागिता से कार्यक्रम को व्यापक सफलता मिली।
प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि जो पात्र युवा अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं, वे इस प्रकार के विशेष कैम्पों का लाभ उठाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।