सौसर में केंद्रीय विद्यालय की राह आसान, भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से मिलकर प्रक्रिया तेज करने की उठाई मांग

पांढुरना संवाददाता- निलेश कलस्कर जिला ब्युरोचीफ
सौसर | क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से सौसर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के प्रयास अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर से भेंट की और आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय प्रारंभ करने हेतु आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने दिए हैं सकारात्मक निर्देश
गौरतलब है कि छिंदवाड़ा-पांढुरना सांसद विवेक बंटी साहू एवं पूर्व राज्य शिक्षा मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ ने विगत दिनों नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर सौसर में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता जताई थी। केंद्रीय मंत्री की हरी झंडी और आश्वासन के बाद अब स्थानीय स्तर पर गतिविधियों ने तेजी पकड़ ली है। भाजपा नेताओं ने कलेक्टर से आग्रह किया कि भूमि आवंटन और अन्य तकनीकी औपचारिकताओं को समय रहते पूरा किया जाए ताकि नए सत्र से प्रवेश शुरू हो सकें।
प्रतिनिधि मंडल में ये रहे शामिल
कलेक्टर से मुलाकात के दौरान पूर्व जिला महामंत्री राहुल मोहोड़, मंडल अध्यक्ष दर्शन झाड़े, प्रभाकर बोबडे, सदानंद डोंगरे, नगर पालिका उपाध्यक्ष विनोद जूनघरे, पार्षद भारत तरारे, बापू ठाकरे, भाजपा नेता निलेश जूननकर एवं जगदीश त्रिवेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर,
युवा नेता राहुल मोहोड़ ने कहा कि सौसर में केंद्रीय विद्यालय का खुलना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल स्थानीय छात्रों को विश्वस्तरीय शिक्षा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के शैक्षणिक स्तर में भी बड़ा सुधार आएगा।