बहरी में मुख्यमंत्री करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास,09 जनवरी को सीधी जिले को मिलेंगी नई विकास सौगातें,सीईओ जिला पंचायत ने बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी प्रशासन ने तेज की तैयारियाँ, कार्यक्रम को लेकर सभी विभाग अलर्ट,

सीधी | 07 जनवरी 2026,”सीधी जिले के बहरी में 09 जनवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री इस अवसर पर जिले में पूर्ण हो चुके विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे तथा नए विकास कार्यों का शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को व्यवस्थित, सफल एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
सीईओ जिला पंचायत ने बैठक में सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता एवं साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान मंच एवं बैठक व्यवस्था, अतिथि सत्कार, मीडिया समन्वय, विद्युत आपूर्ति, स्वागत दल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा हितग्राही लाभ वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ और कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी साझा करते हुए बताया कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्गों की पृथक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के सख्त पालन के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट रखने और नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने की बात कही।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी कुसमी विकास आनंद, एसडीओपी सिहावल प्रिया पाठक, एसडीओपी गोपद बनास राकेश शुक्ला, एसडीओपी मझौली आर.पी. त्रिपाठी, एसडीओपी चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री के बहरी आगमन को लेकर सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं और यह कार्यक्रम विकास, विश्वास एवं जनकल्याण का प्रतीक बनेगा।