आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चयन में दबाव और फर्जी शपथपत्र का आरोप, पर्यवेक्षक के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत

0 335

जिला ब्यूरो — मनोज कुमार यादव

 

डिंडौरी न्यूज।

जिले के समनापुर परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं और दबाव बनाए जाने के आरोप सामने आए हैं। वन ग्राम पोड़ी, ग्राम पंचायत किवाड़ निवासी मायावती मरावी (उम्र 21 वर्ष) ने कलेक्टर डिंडौरी को शपथपत्र सहित आवेदन देकर परियोजना की पर्यवेक्षक श्रीमती स्वप्निल पुरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

आवेदिका के अनुसार, हाल ही में समनापुर की परियोजना अधिकारी को हटाकर एक जूनियर पर्यवेक्षक को परियोजना अधिकारी का प्रभार सौंपा गया था। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चयन प्रक्रिया में हस्तक्षेप करते हुए दबाव बनाया गया। मायावती मरावी का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चयन सूची में उनका नाम प्रथम वरीयता में दर्ज है।

 

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 03 जनवरी 2026 (शनिवार) को पर्यवेक्षक स्वप्निल पुरी ने दस्तावेज सत्यापन के नाम पर अपने निवास समनापुर बुलाया और कथित रूप से कहा—

“मैं परियोजना अधिकारी बन गई हूँ, जैसा मैं कहूँ वैसा करोगी तभी नौकरी लगेगी।”

 

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पर्यवेक्षक द्वारा परियोजना अधिकारी अयोध्या सिंह राठौर एवं चपरासी कुलपत यादव को बदनाम करने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगाने का दबाव बनाया गया। आवेदिका के अनुसार, उनसे सादे कागज पर शपथपत्र का प्रारूप लिखवाकर स्टांप पेपर में नोटरी कराने को कहा गया, जिसमें चपरासी के माध्यम से 80 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाने के लिए दबाव डाला गया, जबकि उनके अनुसार उनसे किसी भी प्रकार की राशि की मांग नहीं की गई थी।

 

मायावती मरावी ने शिकायत में यह भी कहा है कि सेक्टर पर्यवेक्षक द्वारा सादे कागज पर लिखवाकर कलेक्टर व जिला अधिकारियों को शिकायत देने के लिए दबाव बनाया गया।

 

इसके साथ ही पोड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। आवेदिका का कहना है कि दूसरी महिला दशवंती केवटिया का नाम गलत तरीके से ग्राम पोड़ी में जोड़ा गया, जबकि वरीयता सूची जारी होने तक उसका नाम ग्राम किवाड़ में दर्ज था।

 

आवेदिका ने आरोप लगाया कि नौकरी लगवाने का झांसा देकर उन्हें गुमराह किया गया और झूठे तथ्यों पर आधारित शपथपत्र तैयार करवाने का प्रयास किया गया। मायावती मरावी ने कलेक्टर डिंडौरी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा स्वयं को न्याय दिलाने की मांग की है।

 

 

—

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment