मुख्यमंत्री कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद,पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने किया कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण,सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सीधी | 07 जनवरी 2026″बहरी में आगामी 09 जनवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश एवं निकास मार्गों, बैरिकेडिंग व्यवस्था, पार्किंग स्थल, वीआईपी मूवमेंट रूट, पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे एवं निगरानी तंत्र सहित सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा बिंदुओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर कार्यक्रम समाप्ति तक किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए तथा सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री कोरी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने भीड़ प्रबंधन को लेकर पृथक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दिन डायवर्जन प्लान समय रहते लागू किया जाए, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और आम नागरिकों को असुविधा न हो। पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा संकेतक बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को पूरी तरह सतर्क रखने एवं कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी कुसमी विकास आनंद, एसडीओपी सिहावल प्रिया पाठक, एसडीओपी गोपद बनास राकेश शुक्ला, एसडीओपी चुरहट शैलेश द्विवेदी, थाना प्रभारी बहरी राजेश पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।