सेमरिया में बिजली विभाग की मनमानी से किसान परेशान

0 6,360


गलत बिजली बिलों को लेकर संभागीय उपाध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी ने जताया आक्रोश
सीधी/सेमरिया।
सेमरिया क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित मनमानी से किसान गंभीर संकट में हैं। भारतीय भवन एवं अन्य निर्माण मजदूर संघ, रीवा संभाग के संभागीय उपाध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी ने बिजली विभाग के जेई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए किसानों की पीड़ा को सार्वजनिक रूप से सामने रखा है।
तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में बिना नियमित मीटर रीडिंग किए ही किसानों को मनमाने और अत्यधिक बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। कई किसानों को 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक के बिजली बिल दिए गए हैं, जिन्हें चुकाना उनके लिए संभव नहीं है। इससे किसान आर्थिक रूप से टूट रहे हैं और मानसिक तनाव में जीने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो गलत बिलों में सुधार किया जा रहा है और न ही बिजली विभाग के अधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं। अधिकारियों में न तो किसी प्रकार का भय दिखाई देता है और न ही जिम्मेदारी की भावना।
विकाश नारायण तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो किसान निराशा में कोई भी गलत कदम उठा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सभी गलत व फर्जी बिजली बिलों को तत्काल निरस्त किया जाए, पारदर्शी एवं नियमित मीटर रीडिंग की व्यवस्था लागू की जाए तथा दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो संगठन किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगा। आंदोलन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment