पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार

ऑनलाइन ट्रेडिंग में घाटा होने पर शुरू की थी वाहन चोरी
मुबारक अली, संवाददाता शाहजहांपुर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में अपराधों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना चौक कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
थाना चौक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक ललित शर्मा, उप निरीक्षक मोहसिन अली, उप निरीक्षक भूपेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल गौरव सिंह, रोहित कुमार व मुनेश की टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम रोड स्थित ककरा पुल के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गुरमीत पुत्र स्वर्गीय राजेश कुमार बांके निवासी मोहल्ला सिंचाई डॉक्टर रमाकांत वाली गली, रेहान पुत्र वसीम अहमद निवासी मोहल्ला मेहमान शाह तथा सुल्तान पुत्र वसीम अहमद निवासी मोहल्ला मेहमान शाह शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, एक मोपेड, एक बाइक के पार्ट्स तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। बरामदगी के बाद तीनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि रेहान और गुरमीत मुख्य रूप से बाइक चोरी करते थे, जबकि सुल्तान चोरी के वाहनों को सुनसान और गोपनीय स्थानों पर छिपाकर रखता था। बाद में वाहनों के पुर्जे अलग-अलग कर उन्हें चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। चोरी से प्राप्त धनराशि को तीनों आपस में बराबर बांट लेते थे।
गुरमीत ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग करता था, जिसमें उसे भारी घाटा हुआ और उस पर कर्ज चढ़ गया। इसी कारण उसने वाहन चोरी का रास्ता अपनाया।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। ये लोग सुनसान इलाकों से वाहन चोरी कर उनके पुर्जे कबाड़ में बेचने का काम करते थे। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।