पाले से फसलों की सुरक्षा हेतु कृषि विभाग की किसानों को सलाह

0 269

 

सीधी 01 जनवरी 2026
जिले में बीते एक सप्ताह से शीत लहर का प्रकोप जारी है। तापमान में लगातार गिरावट तथा आसमान में कोहरा छाए रहने से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। रात्रि का तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया जा रहा है, जिससे फसलों पर पाले के प्रकोप की आशंका बढ़ गई है।

इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उप संचालक कृषि ने किसानों को फसलों को पाले से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियाँ अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि तापमान में गिरावट का सर्वाधिक प्रभाव दलहनी, तिलहनी एवं सब्जी वाली फसलों पर पड़ता है तथा इन फसलों में पाले का प्रकोप होने की संभावना अधिक रहती है।

किसानों को सलाह दी गई है कि रात्रि में 12 बजे से 2 बजे के बीच खेतों की मेड़ों पर कचरा या सूखी घास जलाकर धुआं करें, जिससे पाले का असर कम किया जा सके। इसके साथ ही फसलों पर 0.1 प्रतिशत सल्फर घोल का छिड़काव करने से भी पाले के दुष्प्रभाव में कमी आती है।

उप संचालक कृषि ने यह भी सुझाव दिया है कि पौधशालाओं के पौधों, उद्यानों तथा नगदी सब्जी वाली फसलों को टाट, पॉलिथिन या भूसे से ढककर सुरक्षित रखा जाए, ताकि शीत लहर और पाले से फसलों को नुकसान न हो।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment