कर चोरी पर शिकंजा: शालू ट्रेडर्स पर GST का छापा, दुकान व गोदाम सील

0 425

12 सदस्यीय टीम दस्तावेज़ खंगालने में जुटी, स्टॉक और रिकॉर्ड का मिलान जारी

सीधी।

कर चोरी पर नकेल कसते हुए जीएसटी विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। शहर के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित मेसर्स शालू ट्रेडर्स की दुकान और गोदाम पर एक साथ छापेमारी की गई। किराना एवं पान मसाला व्यापार से जुड़े इस प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर अरविंद कुमार गुप्ता के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पहले से मिल रही थीं शिकायतें

विभागीय सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी माल एवं सेवा कर अधिनियम 2017 की धारा 67(2) के तहत की गई है। जीएसटी पोर्टल पर डेटा एनालिसिस में टीटीसी और कैश रेशियो में गड़बड़ी तथा कच्चे बिलों के माध्यम से लेन-देन के संकेत मिले थे। इन्हीं आधारों पर विभाग ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

दस्तावेज़ों की जांच जारी, दुकान–गोदाम सील

12 सदस्यीय टीम ने पहुंचते ही दस्तावेज़ों की जांच शुरू की और भौतिक स्टॉक का मिलान बुक्स ऑफ एकाउंट्स से किया जा रहा है।

जांच के दौरान व्यापारी द्वारा ट्रेडिंग अकाउंट प्रस्तुत न किए जाने पर टीम ने नाराज़गी जताई। विभाग के अनुसार बुधवार को अकाउंटेंट आवश्यक दस्तावेज़ पेश करेगा।

संभावित रिकॉर्ड छुपाने की आशंका को देखते हुए दुकान और गोदाम दोनों को सील कर दिया गया है। फिलहाल टीम यह आकलन कर रही है कि स्टॉक और कागजी रिकॉर्ड में कितना अंतर है। कर चोरी की वास्तविक राशि जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

शशि भूषण तिवारी के नेतृत्व में जांच

कार्रवाई का नेतृत्व राज्य कर अधिकारी शशि भूषण तिवारी कर रहे हैं। टीम में मृत्युंजय तिवारी, ओमकार दुबे, निधि पांडे, साक्षी तिवारी, सत्यनारायण सिंह सहित कुल 12 सदस्यीय दल शामिल है।

इनका कहना है

शशि भूषण तिवारी, टीम प्रभारी

“शिकायतों के आधार पर छापेमारी की गई है। जांच जारी है। दस्तावेज़ों की पूरी जानकारी आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कर चोरी कितनी हुई है।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment