इंटेक बेल निर्माण का विरोध तेज: सरपंचों-ग्रामीणों ने नर्मदा तट पर रुकवाया काम, 165 गांवों की जलापूर्ति योजना पर सवाल

0 232

 

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

 

डिंडोरी। करंजिया जनपद के मुसामुंडी गांव में सोमवार को नर्मदा नदी किनारे जल निगम द्वारा बनाए जा रहे इंटेक बेल निर्माण कार्य का सरपंचों और ग्रामीणों ने विरोध करते हुए काम रुकवा दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य प्रतिबंधित क्षेत्र में किया जा रहा है, जबकि प्रशासन की ओर से बातचीत कर समाधान निकालने की बात कही जा रही है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, अपर नर्मदा परियोजना के तहत इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर शासन द्वारा रोक लगाई गई है। ऐसे में ग्राम पंचायतें भी इन क्षेत्रों में कोई निर्माण नहीं करा पा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद जल निगम नर्मदा तट पर इंटेक बेल का निर्माण करा रहा है।

 

पत्थरकुचा गांव के सरपंच पति ददन सिंह धुर्वे ने बताया कि सोमवार को करीब 10 गांवों के सरपंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने करबेमट्ठा गांव पहुंचकर निर्माण कार्य बंद कराया। ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे मामले को लेकर वे कलेक्टर से भी शिकायत करेंगे और प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रहे निर्माण पर जवाब मांगेंगे।

 

165 गांवों को पानी देने की योजना

 

वहीं जल निगम के एसडीओ का कहना है कि करंजिया जनपद के 165 गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से इंटेक बेल परियोजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत डिंडोरी और शहपुरा क्षेत्र के लिए भी निर्माण कार्य शुरू किया जाना प्रस्तावित है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी और आपसी सहमति से समाधान निकाला जाएगा।

 

फिलहाल, नर्मदा तट पर इंटेक बेल निर्माण को लेकर विरोध और प्रशासनिक दावे आमने-सामने हैं, जिससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने की संभावना है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment