दुष्कर्म के दोषी पूर्व विधायक की जमानत पर पांढुर्णा में आक्रोश, राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग

पांढुरना संवाददाता- निलेश कलस्कर (जिला ब्युरो चिफ)
पांढुरना। नगर की मातृशक्ति और जिला महिला कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर उन्नाव दुष्कर्म कांड के मुख्य दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित कर दोषी की जमानत तत्काल प्रभाव से रद्द करने और उसे फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग उठाई है।
ज्ञापन सौंपते हुए जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेहा विलास जोगी ने कहा कि वर्ष 2017 में एक नाबालिग बेटी के साथ जघन्य अपराध करने वाले व्यक्ति को न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा दी गई थी, लेकिन दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उसे जमानत दिया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने तर्क दिया कि ऐसे आपराधिक मानसिकता वाले व्यक्ति का समाज में खुला घूमना घातक सिद्ध हो सकता है।
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
जनपद पंचायत अध्यक्ष लता तुमडाम और स्वास्थ्य समिति सभापति कीर्ति पठाडे ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि भाजपा के पूर्व विधायक रहे सेंगर अपने धनबल और बाहुबल का प्रयोग कर पीड़ित परिवार को डरा-धमका सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि दोषी की रिहाई से क्षेत्र की महिलाओं में असुरक्षा और भय का वातावरण पुनः निर्मित होगा, जो सामाजिक हित में नहीं है।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर प्रमुख रूप से शकुंतला उईके, प्रतिमा मेश्राम, पार्षद नीतू राठौर, कुसुम खंडाते, जनपद सदस्य मालू उईके, गीता धोटे, जयश्री विनायक बल्की, भारती वानखेड़े, पार्षद चंदा देशभ्रतार, पूर्णिमा गोजे और मीना ढोक सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।