मंडला रोड पर भीषण बाइक भिड़ंत : पिता की मौत, बेटा सहित तीन गंभीर घायल

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडला रोड पर ग्राम रयपुरा स्कूल के समीप सोमवार दोपहर लगभग 2:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो मोटरसाइकिलों की आमने–सामने जोरदार टक्कर से सड़क पर अफरा–तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सुदेश सिंह तेकाम (54), पिता जगत सिंह, निवासी ग्राम मुड़की अपनी बेटी को कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास से लेने जा रहा था। उसके साथ मोटरसाइकिल पर 9 वर्षीय पुत्र रुद्र सिंह भी सवार था।
इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर मनीष कुमार सोनवानी (35), पिता गोपाल दास, निवासी ग्राम इमलई अपनी माँ रामकली सोनवानी (55) को लेकर डिंडौरी आ रहे थे।
रयपुरा स्कूल के पास दोनों वाहन अचानक अनियंत्रित होकर आमने–सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल मौके पर पहुँचा और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय पहुँचाया गया। चिकित्सकों ने सुदेश सिंह तेकाम को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल मनीष सोनवानी को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
रामकली सोनवानी व घायल बालक रुद्र सिंह का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार रुद्र सिंह के पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि रामकली सोनवानी को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन अस्पताल पहुँच गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जाँच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जाँच में तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोने की आशंका सामने आई है। विस्तृत जाँच जारी है।