बिलगढा नहर परियोजना में बड़ा घोटाला! किसानों को नहीं मिली एक बूंद पानी, जगह-जगह टूटी नहरें और कई हिस्से गायब

ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी।
बिलगढा बांध की नहर निर्माण परियोजना में भारी भ्रष्टाचार उजागर हो रहा है। करोड़ों की लागत से बनी यह नहर किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाने के उद्देश्य से तैयार की गई थी, लेकिन स्थिति यह है कि योजना शुरू होने से लेकर आज तक किसानों को एक भी बूंद पानी नसीब नहीं हुई।
स्थानीय किसानों ने बताया कि पड़रिया खुर्द एरिया के नहर निर्माण में गंभीर अनियमितताएँ हुई हैं। कई स्थानों पर नहर पूरी तरह टूटी हुई है, तो कुछ जगहों पर नहर का कोई अता-पता ही नहीं है। मिट्टी और कंक्रीट का कार्य मानकों के विपरीत किया गया, जिससे हल्की बारिश में ही नहर बह गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यह परियोजना भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण बन चुकी है। पड़रिया खुर्द के किसानों ने उम्मीद जताई थी कि इस नहर से सैकड़ों हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी, लेकिन आज हालात उलट हैं—किसान पानी के लिए तरस रहे हैं और फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।
पड़रिया खुर्द केग्रामवासियों ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक निर्माण कार्य की वास्तविक जांच नहीं होगी, तब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा और सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार बेखौफ चलता रहेगा।
—