हाथियों का आतंक — दो गांवों में तबाही, तीन मकान ध्वस्त

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव की रिपोर्ट
डिंडौरी। पश्चिम करंजिया वन परिक्षेत्र में पिछले दो दिनों से हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। दो गांवों में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया, जिसमें तीन मकान क्षतिग्रस्त, एक बाइक तोड़ी, और खलिहान में रखी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की मूवमेंट पर नज़र बनाए हुए है।
छत्तीसगढ़ से पहुंचे हाथियों ने मचाई तबाही
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात छत्तीसगढ़ के जंगलों से भटके हाथियों का दल पंडरी पानी गांव पहुंचा। यहां हाथियों ने
शिव प्रसाद पिता अर्जुन सिंह के मकान को चारों ओर से तोड़ दिया,
खलिहान में रखी फसल बरबाद कर दी।
इसके बाद हाथियों ने चंद्रभान और रेवा सिंह के घरों में बंधी भैंसों को पटककर घायल कर दिया तथा उनके घरों में रखी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। लगातार घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की बढ़ती आमद को देखते हुए विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वन विभाग ने कहा कि
रात के समय घरों से बाहर न निकलें,
खेत या जंगल क्षेत्र में अकेले न जाएं,
हाथियों की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग की टीम इलाके में कैंप कर हाथियों को सुरक्षित दिशा में खदेड़ने की कोशिश कर रही है।