सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने SIR अभियान की समीक्षा की, पारदर्शिता और समयबद्धता पर दिया जोर
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पर विशेष बैठक—सांसद ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

सीधी। लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज सीधी स्थित सांसद कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अभियान की प्रगति और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा पूरे अभियान को पूर्ण पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि SIR अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्ण, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी क्षेत्रों में घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और आवश्यक संशोधनों को गंभीरता से किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक वार्ड से मिलने वाली रिपोर्ट तथ्यात्मक और समय पर होनी चाहिए, ताकि अंतिम सूची सही रूप में सार्वजनिक की जा सके।
बैठक में सीधी लोकसभा के SIR कॉल सेंटर प्रभारी सुनील पांडे भी उपस्थित रहे। सांसद ने कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, प्राप्त शिकायतों, फीडबैक और उनके त्वरित निराकरण की समीक्षा की तथा बेहतर समन्वय व त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस समीक्षा बैठक में SIR जिला संयोजक डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, चन्दन मिश्र, कौशलेंद्र सिंह, तुषार द्विवेदी एवं अंश द्विवेदी उपस्थित रहे। सांसद डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों को पूरी निष्ठा के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।