भारी वर्षा से धान की फसल बर्बाद — किसान ने मांगी आर्थिक सहायता

सिंगरौली।
लगातार भारी वर्षा के चलते जिले के कई किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। ग्राम साजवार, तहसील माड़ा निवासी किसान रामजी साकेत पिता स्वर्गीय सुखलाल साकेत ने कलेक्टर सिंगरौली को आवेदन सौंपकर फसल नुकसान की भरपाई हेतु आर्थिक सहायता की मांग की है।
किसान का कहना है कि उन्होंने अपनी 80 डेसिमल जमीन पर धान की खेती की थी। मौसम साफ रहने पर 27 अक्टूबर को धान की कटाई की गई, किंतु अगले दिन 28 अक्टूबर को हुई भारी वर्षा से खेत में पड़ी पूरी फसल भीगकर सड़ गई। लगातार 48 घंटे तक बारिश न रुकने के कारण किसान का सारा धान खराब हो गया।
रामजी साकेत ने कहा कि वे गरीब किसान हैं और खेती ही उनका जीवनयापन का एकमात्र साधन है। इसलिए उन्होंने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि उन्हें आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए, ताकि उनका परिवार गुजर-बसर कर सके।
कलेक्टर कार्यालय में यह आवेदन दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुआ है, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।