सायबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक हुई जनता — पुलिस ने मानपुर क्षेत्र में चलाया जागरूकता अभियान

श्योपुर।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के तहत पूरे प्रदेश में इस समय सायबर जागरूकता माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में श्योपुर जिले में भी सायबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों में जागरूकता फैलाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान की मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार भूरिया द्वारा की जा रही है, जिनके निर्देशन में जिलेभर की पुलिस टीम आमजन को सायबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दे रही है।
शनिवार को थाना प्रभारी मानपुर निरीक्षक पप्पू यादव एवं उनकी टीम ने ग्राम जैनी, हीरापुर और मानपुर कस्बे में सायबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बताया कि आज के डिजिटल युग में फिशिंग कॉल, फर्जी लिंक, बैंकिंग धोखाधड़ी, ऑनलाइन खरीदारी ठगी और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
पुलिस द्वारा उपस्थित जनसमूह को समझाया गया कि किसी भी तरह की सायबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें या नेशनल सायबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज करें।
थाना प्रभारी ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या इनाम के लालच में न आएं, अपने बैंक खाते, ओटीपी, एटीएम नंबर, पासवर्ड या पैन विवरण किसी को न बताएं। जागरूक नागरिक ही सायबर अपराधों की रोकथाम में पुलिस के सहयोगी बन सकते हैं।
जागरूकता कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने उपस्थित नागरिकों को सायबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट्स और जागरूकता सामग्री भी वितरित की तथा उन्हें डिजिटल सुरक्षा अपनाने की शपथ दिलाई। गांधी दर्शन की रिपोर्ट