महिला आरक्षक निलंबित — ड्यूटी के दौरान वायरल वीडियो से पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप

सीधी। जिला पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए महिला आरक्षक 109 अंजुदेवी जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस विभाग की अनुशासनात्मक छवि बनाए रखने के तहत की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 24 अक्टूबर 2025 को ड्यूटी के दौरान महिला आरक्षक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में आरक्षक द्वारा की गई गतिविधियों को विभागीय आचरण के विपरीत मानते हुए पुलिस की छवि को धूमिल करना पाया गया।
आदेश में उल्लेख है कि डिप्टी सुपरिटेंडेंट डीएसआरबी शाखा के प्रतिवेदन एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि महिला आरक्षक ने अपने कर्तव्य के दौरान अनुशासनहीन आचरण किया।
महिला आरक्षक अंजुदेवी जायसवाल को निलंबन अवधि में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सीधी के अधीन रहकर जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। उन्हें मुख्यालय नहीं छोड़ने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के साथ ही सीधी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता व विभागीय छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कर्मी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।