जनता ने खुद भरा खतरनाक गड्ढा, प्रशासन और प्रबंधन बने रहे मौन
पार्षद प्रेमसागर मिश्रा ने जनता के साथ किया श्रमदान

सिंगरौली।वनजीवन विहार एवं ग्रीनहार्ट कॉलोनी से होते हुए एनटीपीसी विंध्याचल बाउंड्री के बगल से होकर जाने वाले मार्ग पर, विंध्यनगर थाने के पास वाले नाले के ऊपर बनी पुलिया के समीप पिछले कई पिछले कई महीनों से गहरे और खतरनाक गड्ढे बन गए थे। यह मार्ग मध्य प्रदेश के अंतिम छोर पर स्थित है और उत्तर प्रदेश की सीमा से जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग माना जाता है। प्रतिदिन लगभग 50 हजार से अधिक स्कूली बच्चे, कर्मचारी, व्यापारी, मजदूर एवं आमजन इस मार्ग से गुजरते हैं।
इन गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे थे, लेकिन इसकी सुध एनटीपीसी प्रबंधन, नगर निगम प्रशासन और यहां तक कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों ने भी नहीं ली।
स्थानीय नागरिकों ने कई बार वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद श्री प्रेमसागर मिश्रा, एनटीपीसी प्रबंधन और नगर निगम को इसकी जानकारी दी, लेकिन जब समस्या जस की तस रही, तब पार्षद मिश्रा जी ने स्वयं पहल करते हुए जनता को साथ लेकर श्रमदान किया। जनता के सहयोग से उक्त गड्ढों को भरकर मार्ग को सुचारु बनाया गया।
पार्षद प्रेमसागर मिश्रा ने कहा —
“जब प्रशासन और प्रबंधन जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन रहते हैं, तब जनता को स्वयं आगे आना पड़ता है। यह मार्ग हजारों लोगों की जीवनरेखा है, इसे सुरक्षित रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
स्थानीय नागरिकों ने पार्षद के इस जनहितैषी कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य प्रशासन और एनटीपीसी दोनों के लिए एक संदेश है कि जनता अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगी।
उक्त मौके पर वार्ड_क्रमांक_36 के पार्षद श्री प्रेमसागर मिश्रा जी, राजेंद्र दुबे जी, काशीराम तिवारी जी, राम विशाल शाह (एडवोकेट) जी परमात्मा प्रजापति जी, जिंदलाल वर्मा जी, हीरालाल साकेत जी, सहित स्थानीय जनता द्वारा इस योगदान में अपना महत्वपूर्ण समय एवं श्रमदान किया।
जिला ब्यूरो सिंगरौली