“कफ सिरप त्रासदी और गिरता तापमान: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर”

प्राइड इंडिया न्यूज़ रिपोर्ट : शाहिद खान, सीधी (मध्य प्रदेश)
“बदलते मौसम का खतरा: बढ़ती बीमारियां और स्वास्थ्य सतर्कता की जरूरत”
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में जहरीले कफ सिरप से हुई मासूम बच्चों की मौतों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच मौसम में अचानक आई ठंडक ने हालात और चिंताजनक बना दिए हैं। तापमान गिरने से सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार जैसे मौसमी रोग तेजी से फैल रहे हैं, जिनका सबसे अधिक प्रभाव बच्चों और बुजुर्गों पर देखा जा रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि प्रतिरोधक क्षमता कम होने पर संक्रमण और गंभीर लक्षण उभर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग और सिहावल बीएमओ डॉ. राम भूषण पटेल ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उनका कहना है कि सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। इसलिए सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें, ठंडे पेय पदार्थों से बचें, गुनगुना पानी पिएं और प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला भोजन लें। साथ ही समय पर टीकाकरण कराना और छोटे बच्चों-बुजुर्गों की विशेष देखभाल करना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने साफ कहा है कि घबराने की जरुरत नहीं धीरे – धीरे स्थिति सामान्य हो जाएगी |
जनता के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि बिना डॉक्टर की सलाह दवा न लें, स्वच्छता बनाए रखें और भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूरी रखें। खांसी-जुकाम के लक्षण दिखते ही जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। बदलते मौसम में जागरूकता और सावधानी ही हमें बीमारियों से बचा सकती है। स्वास्थ्य विभाग और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही इन मौसमी रोगों के फैलाव पर रोक लगाई जा सकती है।