गोपद नदी घाट पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई — रेत से भरा ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार

शाहिद खान | प्राइड इंडिया न्यूज़ | जिला क्राइम रिपोर्टर, सीधी
सीधी।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में और जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने रेत के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की है।
खनिज विभाग में पदस्थ शिशिर यादव एवं उनकी टीम द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से संबंधित शिकायतों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गत रात्रि लगभग 12:30 बजे ग्राम बारपान स्थित गोपद नदी घाट से रेत लोड एक टाटा 912 वाहन (क्रमांक एपी53जीए4285) आता दिखाई दिया।
खनिज अमले को देखकर चालक ने रेत पलटकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम की तुरंत घेराबंदी से वाहन को पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक संदीप साकेत पिता यज्ञलाल साकेत निवासी ग्राम तरका, थाना बहरी ने रेत उत्खनन या परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।
इसके बाद वाहन को जप्त कर थाना बहरी में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया। वाहन स्वामी के खिलाफ मध्य प्रदेश अवैध खनिज, परिवहन तथा भंडारण निवारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय कलेक्टर सीधी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई में नगर सैनिक शिवशंकर सिंह, नंदीलाल रावत, अनिल पाठक तथा चालक शंकर दयाल यादव का सराहनीय योगदान रहा।