जिले की सभी पंचायतों में ग्राम सभाओं का हुआ आयोजन*

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी : रिपोर्ट शाहिद खान
दशहरा मिलन समारोह के माध्यम से सामाजिक एकता और भाईचारे को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया
शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं तथा अभियानों के विषय में किया गया जागरूक
गांधी जयंती एवं दशहरा पर्व के अवसर पर जिले की सभी 400 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
ग्राम सभाओं में दशहरा मिलन समारोह के माध्यम से सामाजिक एकता और भाईचारे को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत यह सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुँचे। भावांतर योजना के संबंध में किसानों को उनकी सोयाबीन उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा पंजीयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सिकल सेल एनीमिया के विषय में ग्रामीणों को इसके लक्षण, बचाव और समय पर जाँच की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को नशामुक्ति और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा बाल विवाह रोकथाम के दुष्परिणाम और कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा की गई। दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तहत डेयरी विकास और पशुपालन के माध्यम से आयवृद्धि पर बल दिया गया। साथ ही वन समितियों के पुनर्गठन की जानकारी देते हुए बताया गया कि वन संरक्षण एवं प्रबंधन में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
ग्राम सभा में ग्रामीणों को रक्तदान के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया गया और इसे महादान बताया गया। इसके अतिरिक्त पेंशन हितग्राहियों के सत्यापन की प्रक्रिया पर चर्चा कर यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सभी पात्र हितग्राही समय पर पेंशन का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा ग्राम गिजवार एवं सिलावर की ग्राम सभाओं में उपस्थित होकर विभिन्न विषयों पर ग्रामवासियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की आधारशिला है और यही वह मंच है, जहाँ हर व्यक्ति की भागीदारी से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है।