कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक ने किया मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश 

0 407

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी : रिपोर्ट शाहिद खान

 

जिलेवासियों से सहयोग और चिन्हित स्थलों पर ही विसर्जन करने की अपील

 

कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेने हेतु सोन नदी गऊघाट एवं कोल्दहा घाट चुरहट पहुँचकर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, विसर्जन स्थलों पर सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएँ। सुरक्षा और व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने निर्देश दिए कि विसर्जन कुण्ड के समीप जेसीबी मशीन, गोताखोर, चिकित्सकीय दल, एम्बुलेंस तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि “मूर्ति विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मूर्तियों को सुरक्षित रूप से विसर्जन स्थल तक पहुँचाने के लिए रूट चार्ट का पालन अनिवार्य है। प्रतिबंधित स्थानों पर विसर्जन की अनुमति नहीं है, इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

 

अधिकारियों ने अपील की कि श्रद्धालु विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर ही करें तथा छोटे बच्चों को विसर्जन स्थल पर न लाएँ। उन्होंने कहा कि “यह पर्व आस्था और उल्लास का है, सभी नागरिकों का दायित्व है कि शांति, सुरक्षा और सौहार्द्र बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।”

 

निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, उपखण्ड अधिकारी चुरहट शैलेश द्विवेदी, उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment