अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिले के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी | रिपोर्ट : शाहिद खान
“वृद्धजन केवल परिवार के नहीं, पूरे समाज के स्तंभ हैं” – सांसद डॉ. राजेश मिश्रा
“सरकार बुजुर्गों के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है” – विधायक श्रीमती रीती पाठक
सीधी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार सीधी में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा एक गरिमामय एवं भावुक कर देने वाला सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और अध्यक्षता कर रही विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने बुजुर्गों के प्रति गहरा आदर व्यक्त किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह मौजूद रहीं।
101 वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में जिले के 101 वरिष्ठ नागरिकों को पुष्पमाला पहनाकर और साल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
सम्मान पाकर बुजुर्गों की आंखों में खुशी और आशीर्वाद की चमक दिखी। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और भावुकता से गूंज उठा।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा का उद्बोधन
डॉ. मिश्रा ने कहा –
“वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए प्रकाश स्तंभ हैं। वे केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के स्तंभ हैं। हमें उनका आदर करना चाहिए और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बुजुर्गों के अनुभव से सीख लेकर जीवन में आगे बढ़ें और समाज के उत्थान में योगदान दें।
विधायक श्रीमती रीती पाठक का संबोधन
श्रीमती पाठक ने कहा –
“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार बुजुर्गों के सम्मान, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए चल रही योजनाओं से उन्हें सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और गरिमामय जीवन प्रदान किया जा रहा है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि समाज के बुजुर्ग सदैव सम्मानित व सशक्त बने रहें।”
गणमान्यजनों की उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, विश्वबंधुधर द्विवेदी, पंकज पाण्डेय, सामाजिक न्याय अधिकारी सूरज सिंह, प्रदीप द्विवेदी, सीपी तिवारी, प्रभात शुक्ला, मिथिलेश वर्मा, दीपक रावत, राजेश मिश्रा तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र से शिवांसु शुक्ला सहित अनेक गणमान्यजन एवं सैकड़ों वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे |