तहसीलदार और चौकी प्रभारी ने किया विसर्जन स्थलों का निरीक्षण

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी | रिपोर्ट : शाहिद खान
सिहावल। नवरात्रि के समापन पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर तहसीलदार परम सुख बंसल और चौकी प्रभारी अजीत पांडेय ने बमुरी, लिलवार और बघोर क्षेत्र के सोन नदी घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने बमुरी घाट को प्राथमिक विसर्जन स्थल के रूप में चिन्हित किया। वहीं, लिलवार और बघोर घाटों को लेकर अंतिम निर्णय एसडीएम की मुहर के बाद मंगलवार को घोषित किया जाएगा।
ग्राम पंचायत बमुरी के सरपंच एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष विमलेश रावत ने विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ली। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र घाटों पर बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
बमुरी सोन नदी पुल से लगभग सौ मीटर पूर्व दिशा मे बने विसर्जन स्थल पर करीब 200 दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसीलदार परम सुख बंसल ने कहा कि—
“यह निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।”