मुख्यमंत्री के नाम सिवनी ग्राम वासियो ने सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर दिया कलेक्टर कार्यालय मे ज्ञापन

0 477

संवाददाता- निलेश कलसकर की रिपोर्ट

पांढुरना: जिले की ग्राम पंचायत सिवनी में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य को लेकर चल रहा विवाद अब जिला प्रशासन की चौखट पर पहुँच गया है। ग्रामवासियों ने आज (दिनांक 29/09/2025) मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने के साथ ही, हस्तक्षेप की मांग करते हुए इसकी प्रतियां कलेक्टर कार्यालय और एस.डी.एम. कार्यालय में भी जमा की हैं।

​सामुदायिक भवन निर्माण के लिए जिला पंचायत से 7 लाख रुपये और विधायक निधि से 3 लाख रुपये स्वीकृत हैं। यह निर्माण कार्य दादाजी दरबार मंदिर के सामने उस भूखंड पर शुरू किया गया था, जहाँ 40-45 साल पुरानी, अनुपयोगी हो चुकी बाउंड्रीवाल थी, जिसे स्वच्छता अभियान के तहत तोड़ा गया था।

​क्या है विवाद की जड़?
​निर्माण कार्य शुरू होते ही गांव के एक व्यक्ति सुनील पिता घनश्याम रबडे ने कार्यस्थल के बीच से 15 फीट रास्ते की मांग करते हुए काम रुकवा दिया। ग्रामवासियों ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि सुनील रबडे के खेत के लिए पटवारी रिकॉर्ड में झेंडा चौक से सीमेंटीकृत रास्ता पहले से ही दर्ज है। इसके अलावा, एक दूसरा पगडंडी वाला रास्ता भी उपलब्ध है।

​इसके बावजूद, एक व्यक्ति की अनावश्यक रास्ते की मांग के कारण जनहित का यह बड़ा कार्य पिछले कई दिनों से ठप्प पड़ा है, जिससे ग्रामवासियों में रोष व्याप्त है।

​प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
​समस्त ग्रामवासियों ने अपने सामूहिक पंचनामे में स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि वे पटवारी रिकॉर्ड की तुरंत जाँच करें और वास्तविक स्थिति का संज्ञान लेते हुए, सामुदायिक भवन के रुके हुए निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने का आदेश दें।

​ग्रामीणों ने कहा कि वे इस धार्मिक और सामाजिक महत्व के कार्य को पूरा कराने के लिए अधिकारियों के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment