आजाद नगर में पानी संकट गहराया जल जीवन मिशन का पानी दूषित, आरओ प्लांट चार माह से खराब

0 178

मयोरपुर ब्लॉक के ग्राम घरसड़ी के आजाद नगर में पीने के पानी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह विरोध प्रदर्शन किया। दर्जनों महिला, पुरुष और बच्चों ने पानी की उचित व्यवस्था न होने पर आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पीने के पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रामुआ, बूटली, बिफानी देवी और लक्ष्मी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत मिलने वाला पानी अनियमित समय पर आता है और अक्सर गंदा व अशुद्ध होता है, जो पीने योग्य नहीं होता। उन्होंने यह भी बताया कि गांव के कुछ हिस्सों में अभी तक कनेक्शन भी नहीं हुए हैं। इस संबंध में जल जीवन मिशन के इंजीनियर आशीष कुमार ने कहा कि सभी घरों में साफ और शुद्ध पानी की सप्लाई हो रही है। यदि कहीं गंदा पानी आ रहा है, तो इसकी जांच कर जल्द ही ठीक कराया जाएगा। शुशीला, गुलाबी, उर्मिला और फूलमाती सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बीना परियोजना द्वारा सीएसआर फंड से लगाया गया शुद्ध आरओ प्लांट लगभग चार माह से खराब पड़ा है। उनका कहना है कि यदि इस आरओ प्लांट को ठीक करा दिया जाए, तो पानी की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी। बृजेश, नानकू, सरोज और दिलीप जैसे ग्रामीणों ने शिकायत की कि पानी के सोलर प्लांट के खराब होने की सूचना कई बार ग्राम प्रधान को दी गई है, लेकिन इस पर प्रधान द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव में फंड की कमी के कारण सोलर प्लांट का कार्य नहीं हो पा रहा है। फिलहाल हैण्ड पंप ठीक करवा दिया गया है। ग्रामीणों ने शासन से इस गंभीर समस्या पर ध्यान देने और पीने के पानी की व्यवस्था को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment